अगर आपको इस वेबसाइट का लिंक मिला है, तो इसका मतलब है कि आपको या आपके किसी प्रियजन को अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक से ग्रसित पाया गया है और आप क्लीनिकल रिसर्च अध्ययन में भाग लेने के लिए योग्य हो सकते हैं.

स्ट्रोक के उपचार में
हर मिनट मायने रखता है

अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक एक पल में सब कुछ बदल सकता है—और उसके बाद का हर पल बहुत अहम होता है.
इसीलिए शोधकर्ता एक शोधाधीन उपचार पर अध्ययन कर रहे हैं, जिसे सामान्य उपचार के साथ दिया जाता है, ताकि स्ट्रोक के उपचार को बेहतर बनाया जा सके. उद्देश्य क्या है? यह जानना कि क्या यह शोधाधीन उपचार इस्कीमिक स्ट्रोक के नुकसान को कम करने में मदद कर सकता है. देखें कि क्या VELOX अध्ययन आपके या आपके प्रियजन के लिए सही है.

स्ट्रोक और इस शोध अध्ययन को समझना

अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक और इस क्लीनिकल रिसर्च अध्ययन के बारे में यह वीडियो देखें, ताकि आप और आपके प्रियजन बेहतर ढंग से समझ सकें कि आगे क्या-क्या हो सकता है.

अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक के बारे में

अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक तब होता है, जब दिमाग के किसी हिस्से में खून का प्रवाह अचानक रुक जाता है, आमतौर पर रक्त के थक्के के कारण. जब ऐसा होता है, तो प्रभावित हिस्से की दिमागी कोशिकाओं को ज़रूरी ऑक्सीजन और पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं. दिमाग का कौन-सा हिस्सा प्रभावित हुआ है, इसके आधार पर शरीर के कामकाज में अचानक बदलाव आ सकते हैं.

यहाँ "अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक" के हर शब्द का मतलब बताया गया है:

अक्यूट: इसका मतलब है "अचानक" — यानी कुछ ऐसा जो धीरे-धीरे नहीं, बल्कि तेजी से घटित होता है.
इस्कीमिक: इसका मतलब है रक्त का प्रवाह कम होना, यानी शरीर के किसी हिस्से को पर्याप्त रक्त और ऑक्सीजन नहीं मिल पाना.
स्ट्रोक: यह तब होता है जब दिमाग का कोई हिस्सा ठीक से काम करना बंद कर देता है, क्योंकि उसे ज़रूरी रक्त नहीं मिल पाता है.
स्ट्रोक के इलाज में समय बहुत महत्वपूर्ण होता है. जितनी जल्दी इलाज शुरू होता है, उतना ही ठीक होने का मौका बढ़ता है और लंबे समय तक होने वाले दुष्प्रभाव कम हो सकते हैं.

VELOX अध्ययन के बारे में

  • यह रिसर्च अध्ययन, अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक के लिए एक शोधाधीन उपचार की सुरक्षा और प्रभावशीलता का मूल्यांकन कर रहा है.
  • यह शोधाधीन उपचार अभी अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक के लिए मंज़ूर नहीं है, लेकिन इसे यू.एस. फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने अन्य बीमारियों के इलाज के लिए मंज़ूरी दी है.
  • इस अध्ययन में शामिल सभी लोगों को सामान्य उपचार भी मिलेगा, यानी वही उपचार जो डॉक्टर आमतौर पर अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक के लिए देते हैं.

VELOX अध्ययन में भाग लेने पर क्या-क्या शामिल होगा?

अध्ययन उपचार:

आप या आपके प्रियजन को इनमें से एक दिया जाएगा:
  • शोधाधीन उपचार + सामान्य उपचार
  • शोधाधीन उपचार: एक ऐसा उपचार जिसे अभी अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक के लिए मंज़ूरी नहीं मिली है और जिसे क्लीनिकल रिसर्च में परखा जा रहा है
या
  • प्लेसीबो + सामान्य उपचार
  • प्लेसीबो: एक ऐसा पदार्थ जो दिखने में शोधाधीन दवा जैसा होता है, लेकिन उसमें कोई सक्रिय दवा नहीं होती है

अस्पताल में रहना:

अध्ययन में शामिल प्रतिभागियों को अध्ययन उपचार मिलने के बाद कम से कम 48 घंटे अस्पताल में रहना ज़रूरी होता है.

फ़ॉलो-अप विज़िट्स:

  • अध्ययन उपचार मिलने के बाद कुछ समय तक रोज़ाना विज़िट. ये व्यक्तिगत विज़िट या फोन कॉल के ज़रिए हो सकती है, यह इस पर निर्भर करता है कि प्रतिभागी अस्पताल में हैं या नहीं.
  • अध्ययन उपचार मिलने के लगभग 30 दिन बाद एक विज़िट होगी, जो फ़ोन या वीडियो के ज़रिए की जाएगी.
  • आखिरी विज़िट अध्ययन उपचार मिलने के लगभग 90 दिन बाद होगी.

कुल अवधि:

लगभग 90 दिन.

अध्ययन में भाग क्यों लें?

इस क्लीनिकल रिसर्च अध्ययन में भाग लेकर आप या आपके प्रियजन:
  • सामान्य उपचार के साथ-साथ अक्यूट इस्कीमिक स्ट्रोक के लिए शोधाधीन उपचार पा सकते हैं
  • भावी मरीजों के लिए स्ट्रोक रिसर्च और उपचार के विकल्पों को बेहतर बनाने में योगदान दे सकते हैं
आपकी भागीदारी बहुत मायने रखती है, क्योंकि बेहतर उपचार खोजने के लिए रिसर्च में हर पृष्ठभूमि के लोगों की ज़रूरत होती है.

एक प्रतिभागी या उसके प्रियजन के रूप में, आपके पास ये अधिकार हैं:

  • अध्ययन में भाग लें या नहीं, आपको स्ट्रोक का सामान्य इलाज मिलेगा
  • आप कभी भी सवाल पूछ सकते हैं
  • आप इस अध्ययन के बारे में अपने प्रियजनों से बात कर सकते हैं (हालाँकि स्ट्रोक के इलाज में समय बहुत महत्वपूर्ण होता है, इसलिए निर्णय जल्दी लेना पड़ता है)
  • आप भाग लेने से मना कर सकते हैं, और इससे आपके सामान्य इलाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा
  • अध्ययन में भाग लेने के लिए सहमति देने के बाद भी, आप किसी भी समय अध्ययन को छोड़ सकते हैं

अगले चरण:

अगर आप और जानकारी लेना चाहते हैं या भाग लेना चाहते हैं, तो रिसर्च कोऑर्डिनेटर से बात करें—वे आपके सवालों के जवाब दे सकते हैं.